बलिया। विभिन्न मांगों को लेकर नगर के टीडी कालेज चौराहा पर अनशनरत छात्रनेताओं के समर्थन में छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी आवास का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने जिला प्रशासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों द्वारा जिलाधिकारी आवास के घेराव की सूचना नगर मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, सीओ सिटी अरुण सिंह, तहसीलदार गुलाबचंद्रा पहुंचकर आक्रोशित छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लेकिन छात्र जिलाधिकारी के बाहर निकलकर आश्वासन देने तथा ज्ञापन लेने की बात पर अड़े रहे। इसके बाद छात्रों ने अपर जिलाधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी आवास पर आयोजित छात्रों के धरने को संबोधित करते हुए छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रभुनाथ यादव ने कहा कि छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय पर धरना प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांगों को रख चुकें हैं। जैनेंद्र पांडेय मिंटू ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसको लेकर जिले में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। छात्रनेता रिपुंजय रमण पाठक रानू ने कहा कि पांच छात्रनेता मांगों को लेकर तीन दिन से आमरण अनशन पर हैं। लेकिन प्रशासन ने उनका हाल जानना मुनासिब नहीं समझा। आलोक सिंह कुंवर ने जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन को चेताया कि तीन दिनों से आमरण अनशन पर छात्रों का दिन प्रतिदिन स्वास्थ्य गिर रहा है। कहा कि यदि हम लोगों की मांगे जल्द पूरी नहीं हुई तो छात्र कर्फ्यू का ऐलान किया जाएगा। इस मौके पर रोहित चौबे, शिप्रांत सिंह, विकास पांडेय लाला, अविनाश सिंह नंदन, नीतेश यादव, राघवेंद्र, आशुतोष ओझा, विकास कुमार, राजेंद्र यादव, अश्वनी सिंह लिटिल, प्रवीण सिंह, आशुतोष चौबे, सुशांतराज भारत, धनजी यादव, राहुल यादव, मिथिलेश यादव अनुभव सिंह, तेज प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन अतुल कुमार पांडेय ने किया।