लालगंज। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में काम दिलाने के नाम पर रुद्रा ट्रेडर्स के नाम से फर्जी कंपनी खोलने और नौकरी लगाने तथा ट्रैक्टरों को दो साल लगातार काम देने आदि का प्रलोभन देकर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में तहरीर दोकटी थाने में दी गई है।
पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर दो को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। दोकटी थाना क्षेत्र के भुआल छपरा गांव निवासी ब्रजेश यादव पुत्र धनराज यादव ने पुलिस को तहरीर देकर लाखों की ठगी की बात कही है। आरोप लगाया कि जिला पंचायत सदस्य सुधीर यादव पुत्र शिव कुमार यादव निवासी भगवानपुर, राकेश पाण्डेय, अवनीश पाण्डेय पुत्र राजाराम पांडेय निवासी दोकटी के साथ पुरुषोत्तम सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह निवासी वाजिदपुर ने रुद्रा ट्रेडर्स के नाम पर कंपनी खोली। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में काम देने के एवज में हमसे 1281196 रुपये ले लिए। अधिकांश पैसे खाते से ट्रांसफर किए गए है। इसके अलावा पिंटू सिंह से भी लोग सात लाख साठ हजार रुपये लिए हैं। चारों ने मिलकर दर्जनों लोगों से नौकारी क़े नाम पर, ट्रैक्टर को दो वर्ष काम देने के नाम इत्यादि पर लाखों रुपये की ठगी की है। दोकटी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर राकेश पाण्डेय व पुरुषोत्तम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को चालान न्यायालय कर दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद कुछ और पीड़ितों के थाना दोकटी पहुंच ठगी की बात बताई गई। इस पर थानाध्यक्ष ने कहा कि इन लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय किया जा रहा है। विवेचक से संपर्क कर अपना बयान दर्ज करा सकते हैं। या उसके खिलाफ तहरीर मिलने पर दूसरा मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।