चौकियामोड़। पशुहारी गांव की राजभर बस्ती में चार दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद भी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय के नेतृत्व में चार टीमों ने करीब 160 घरों में स्वास्थ्य सर्वे शुरू किया।
टीमों ने ग्रामीणों से बुखार, खांसी, कमजोरी, पैरों में सूजन सहित अन्य लक्षणों की जानकारी ली। डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और एनीमिया की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया। सीएमओ ने ग्रामीणों से साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण होने पर सीएचसी सीयर या पीएचसी पशुहारी में जांच कराने की अपील की।
सीएचसी सीयर अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह भी टीम के साथ गांव में देर तक मौजूद रहे। परिवार के मुखिया शिवचंद राजभर का गोरखपुर एम्स में लीवर और हार्ट संबंधी बीमारी का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। संवाद