यूपी: मृत नवजात पैदा होने पर परिजनों का हंगामा, अस्पताल में की तोड़फोड़
बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी के जच्चा-बच्चा केंद्र पर रविवार को एक मृत नवजात पैदा होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा व तोड़-फोड़ किया। सूचना पाकर मौके पर पहुची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को थाने भेजवाया व जांच में जुट गए।
हल्दी थाना क्षेत्र के सोनवानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जच्चा- बच्चा केंद्र पर रविवार की सुबह करीब सात बजे क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासिनी कविता देवी(21)पत्नी मोहन गुप्ता प्रसव को पहुंची। जच्चा-बच्चा केंद्र पर ड्यूटी कर रही एएनएम ने प्रसव पीड़िता कविता की जांचोपरांत परिजनों को बताया कि जच्चा- बच्चा स्वस्थ हैं और नार्मल डिलीवरी होगी।
इसके बाद परिजन अस्वस्थ होकर बच्चा पैदा होने का इंतजार करने लगे। दोपहर करीब सवा दो बजे बच्ची पैदा हुई। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के पैदा होने के करीब 45 मिनट बाद एएनएम ने बताया कि बच्ची मृत पैदा हुई है जिस पर परिजन भड़क गए और तोड़ फोड़ करने लगे। परिजनों का कहना था कि जब जच्चा-बच्चा स्वस्थ था तो बच्ची मृत कैसे पैदा हो गई।
पीड़िता के ससुर कृष्ण कान्त गुप्ता ने बताया कि एक वर्ष पहले भी मेरी बड़ी बहू नेहा(26) पत्नी विपिन गुप्ता को भी यहीं लाया गया था और उस समय भी एएनएम यही थी। उस समय भी जच्चा-बच्चा स्वस्थ रहते हुए भी इनकी लापरवाही से बच्चा मृत पैदा हुआ था और इस बार भी स्वस्थ होने के बावजूद मृत बताया गया।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष हल्दी सत्येन्द्र कुमार राय ने हंगामा कर रहे लोगों को थाना भेजवाया। बताया कि दरवाजे में लगा शीशा पहले से क्रेक था वही हंगामे के दौरान टूटा है। मामले की जांच की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी।