UP News: अस्पताल परिसर में कर्मचारी की मिली लाश, खोजते हुए पहुंची पत्नी की निकल पड़ी चीख; पुलिस ने कही ये बात
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के राजकीय पशु चिकित्सालय रुद्रवार में पशुपालक के फंदा लगाने की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
सिकंदरपुर के डोमनपुरा मोहल्ला निवासी सतीश राम (50) पुत्र स्व. मुन्नर राम, जो राजकीय पशु चिकित्सालय रुद्रवार में पशुपालक के पद पर तैनात थे। वह शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कार्यालय में पंखे से रस्सी के सहारे लटकता मिला। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सतीश राम करीब तीन वर्ष से उक्त पशु चिकित्सालय में तैनात थे और अपने परिवार के साथ अस्पताल परिसर में ही बने आवास में रहते थे। गुरुवार की रात वह रोज की तरह अस्पताल परिसर में चारपाई बिछाकर खाना खाने के बाद सो गए।
गुरुवार की सुबह जब पत्नी इंदु देवी जागीं तो उन्हें चारपाई खाली मिली। पहले उन्होंने सोचा कि वह कहीं बाहर गए होंगे, लेकिन काफी देर तक लौटकर न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खोजते-खोजते परिजन अस्पताल के कार्यालय पहुंचे, जहां सतीश राम का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटकता मिला।
परिजनों में मचा कोहराम
यह दृश्य देखकर परिजन चीख-पुकार करने लगे, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के सूचना मिलते ही 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चअधिकारियों को मामले से अवगत कराया सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक सिकंदरपुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक अपने पीछे पत्नी इंदु देवी, बेटियां अमृता (22), गोल्डी (20), संध्या (18) और बेटे कृष्णा (15), अरुण (9) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की पड़ताल
प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी अनिल राय ने बताया कि सतीश शराब पीने के आदी था। उन्हें कई बार इस आदत को छोड़ने के लिए समझाया गया, लेकिन वह नहीं माने। इसी को लेकर परिजनों में अक्सर कहा-सुनी भी होती थी।उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर पूरी जानकारी ली।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि रुद्रवार पशु चिकित्सालय में कर्मचारी का शव फंदे से लटका हुआ था सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है विधिक कार्रवाई की जा रही है।