बलिया। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने जनपद की ग्राम पंचातयों में रिक्त ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई को शाम 4 बजे है।
नामांकन की जांच 23 जुलाई को 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक, उम्मीदवार वापसी की तिथि 24 जुलाई को दोपहर बाद 3 बजे तक तथा इसी दिन 3 बजे के बाद प्रतीक आवंटन होगा। मतदान 6 अगस्त को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक तथा मतगणना 8 अगस्त को सुबह 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। लक्षकार ने बताया कि नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन दाखिल करना तथा इसकी जांच, उम्मीदवार वापसी तथा प्रतीक आवंटन संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर होगा। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान पद का चुनाव सीयर ब्लॉक के फरसाटार ग्राम पंचायत में होगा। जबकि दुबहड़ ब्लॉक के डुमरी, नवानगर ब्लॉक के चॉड़ी व बांसडीह ब्लॉक के बघांव व परसिया में क्षेत्र पंचायत की रिक्त सीट पर चुनाव होगा। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव बांसडीह ब्लॉक के बरियारपुर, दियराभागर, चांदपुर, पिंडहरा के एक-एक तथा अकोल्ही व ताजपुर में दो रिक्त पदों पर होगा। इसके अलावा गड़वार, चिलकहर, बेरूआरबारी, बेलहरी, मुरलीछपरा, हनुमानगंज ब्लाक के रिक्त पडे़ सदस्य पदों का चुनाव होगा।