बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर से नियमित चलने वाले ई-रिक्शा चालक रविवार को स्टेशन परिसर के अंदर नहीं गए। बल्कि स्टेशन परिसर के बाहर पीडब्ल्यूडी की सड़क पर ही यात्रियों को उतारा, वहीं से यात्रियों को अपनी ई-रिक्शा पर बैठा कर रानीगंज-बैरिया तथा अन्य स्थानों के लिए गए। ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि जब हम वाहनों पड़ाव के भीतर खड़े करेंगे तो रेलवे से निर्धारित पैसे का भुगतान करेंगे। ठेकेदार के आदमी 20 रुपये या 10 रुपये प्रति फेरा मांग रहे हैं। गुंडागर्दी पर आमादा है।
ई-रिक्शा चालक धनंजय, सुनील पासवान, अभय सिंह, उमेश पासवान, संतोष कुमार आदि ने बताया कि ठेकेदार के लोगों ने ई-रिक्शा चालकों को गाली दी, कालर पकड़े, हाथापाई की। इससे परेशान होकर हम लोगों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को चक्का जाम किया। उप जिलाधिकारी बैरिया को पत्रक दिया। जब तक निर्णय नहीं निकल जाता या स्टेशन में जाएंगे ही नहीं। बता दें कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर रोज सुबह के समय दूरदराज जाने वाली पांच महत्वपूर्ण ट्रेनें हैं। इससे काफी संख्या में यात्री जाते और उतरते हैं। स्टेशन पर ई-रिक्शा चालकों के नहीं जाने से काफी संख्या में यात्री ट्रेन से उतरकर पैदल ही अपना सामान लेकर स्टेशन से बाहर मधुबनी सब्जी मंडी तक आते दिखे। यही स्थिति स्टेशन पर जाने वाले यात्रियों की भी रही।