बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद के सीवरेज पुनर्गठन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), छोड़हर एवं सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता, निर्माण खण्ड, उप्र जल निगम (नगरीय) पीयूष मौर्य से परियोजना से आवश्यक जानकारी ली और कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित अवधि में पूरा करने को कहा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि आरके इंजीनियर्स सेल्स लिमिटेड, लखनऊ (जेवी), आनन्द कन्स्ट्रवेल प्राइवेट लिमिटेड, नासिक की ओर से कार्य कराए जाने की जानकारी दी। साथ ही प्रस्तावित कार्यों के निर्माण के लिए ट्रायल रन सहित कुल एक वर्ष 09 माह की अवधि में 31 अगस्त 2025 निर्धारित बताया। बताया कि 20 एमएलडी एसटीपी, छोड़हर का कार्य 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण है एवं फिनिशिंग के कार्य पर है।
जिलाधिकारी के सीवेज पंपिंग स्टेशन (सिविल जोन) कचहरी परिसर के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि 6 एमएलडी सीवेज पंपिंग स्टेशन का जीर्णोद्धार का कार्य एवं सिविल जोन में पूर्व में बिछाई गई सीवर लाइन में 1250 मीटर गैप थे, जिसमें से 450 मीटर सीवर लाइन बिछाई गई है तथा शेष सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में मिड्ठी चौराहे से एक होटल तक सीवर लाइन डालने का कार्य प्रगति पर है, जिसे 10 दिन में पूर्ण करा दिया जाएगा।