बलिया। माल्देपुर समेत दर्जन भर गांवों को बचाने के लिए बांध निर्माण की मांग को लेकर युवा चेतना के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में गंगा में उतरकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान रोहित कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा ने उज्ज्वला योजना की शुरूआत जिस हैबतपुर गांव से की वह गांव अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। यदि इस गांव को नहीं बचाया गया तो इस गांव के साथ ही आसपास के कई गांव कटान की भेंट जाएंगे। कहा कि प्रधानमंत्री हैबतपुर गांव में कई बार आ चुके हैं। वह यहीं उज्जवला योजना का शुभारंभ करने आए थे। यदि अब भी हैबतपुर, मुबारकपुर, माल्देपुर, खोरीपाकड़, नसीराबाद, सरफ़ुद्दीनपुर, दरामपुर, रामपुर महावल सहित एक दर्जन गांवों को बचाने के लिए बांध नहीं बनाया गया तो इनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। इसके बाद बलिया शहर को बचाना भी मुश्किल हो जाएगा। कहा कि हमारी लड़ाई बलिया के विकास के लिए है। लाकडाउन के बाद हम गांव-घर बचाओ यात्रा पर निकलेंगे। इस अवसर पर अजय राय मुन्ना, अजय ओझा, चंद्रकेश राय, रामजी पांडेय, राकेश राय, भानु प्रकाश राय, हरिओम राय, गौरव तिवारी लक्की, विशाल सिंह, सुजित राय, नीलकांत वर्मा आदि उपस्थित रहे।
-