बढ़ती महंगाई तथा बेरोजगारी एवं प्रदेश में गिरती कानूनी व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को सीपीएम, सीपीआई एवं भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जमाखोरी, कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ ही डीजल-पेट्रोल तथा गैस के मूल्यों में की गई भारी बढ़ोत्तरी को वापस लिया जाए। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने तथा प्राइवेट अस्पतालों की मनमानी एवं लूट पर रोक लगाई जाए। सभी जरूरतमन्दों को प्रति यूनिट 10 किलो अनाज के साथ ही खाद्य तेल, दाल, चीनी मुहैया कराया जाए। मनरेगा को मजबूत करने के साथ उसे भ्रष्टाचार से मुक्त किया जाए। भाकपा (माले) केंद्रीय कमेटी के सदस्य श्रीराम चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार की पूंजीवादी नीतियों के चलते देश में महंगाई तथा बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। इस मौके पर लाल साहब, अवध नारायन सिंह, बसंत कुमार सिंह, नियाज अहमद, वशिष्ठ राजभर, भागवत बिंद, नागेंद्र प्रसाद, लक्ष्मण यादव, शिवविलास शाह, जितेंद्र व डॉ बैजनाथ सिंह आदि रहे।