बलिया। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र संघ पदाधिकारियों सहित सैकड़ों छात्रों पर द्वारा लाठीचार्ज और छात्र नेताओं को गिरफ्तारी पर भाकपा माले ने पार्टी के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री मांग-पत्र जिलाधिकारी के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस अवसर पर माले नेताओं ने कहा कि 26 फरवरी को शांतिपूर्वक मार्च निकाल कर शिक्षा मंत्रालय जा रहे छात्रों को बेवजह रोका गया और उनके जुलूस पर लाठीचार्ज किया गया। वहीं, कथित शराब घोटाले में दिल्ली की आम आदमी पार्टी के सीएम सहित अन्य को बरी होने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रमुख रूप से लाल साहब, नियाज अहमद, वशिष्ठ राजभर, रेखा पासवान, लक्ष्मण यादव, लीलावती भारती, कमलावती, कंचन चैहान, गायत्री मोदनवाल आदि मौजूद रहीं।