बलिया। घायल युवक के पिता चंद्रभूषण सिंह के तहरीर पर बैरिया पुलिस ने चार नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है। वहीं फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। सोमवार की देर शाम घटना स्थल का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। हालांकि अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
पीड़ित ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरा पुत्र चंदन सिंह सात सितंबर को अपनी बाइक से गांव के ही ज्ञान प्रकाश सिंह के साथ कुछ जमीनी मामले को लेकर तहसील बैरिया गए हुए थे। वहां से घर लौटते समय करीब 11 बजे तहसील के पीछे वाले रास्ते पर पीपल के पेड़ के पास पहले से घात लगाकर बैठे बैरिया निवासी सुनील सिंह पुत्र स्व. शिवजी सिंह, अजय सिंह पुत्र राजकमल सिंह, मनमीत उर्फ सोनू सिंह पुत्र अजय सिंह, सोनू सिंह उर्फ भाई डियर पुत्र स्व. शंकर दयाल सिंह एवं दो अज्ञात ने जान से मारने की नियत से मेरे पुत्र को गोली मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी सोनबरसा और सोनबरसा से बलिया तथा बलिया से वाराणसी के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। मेरे पुत्र की किसी से कोई दुश्मनी थी और नाही कोई विवाद था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार के विरुद्घ नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्घ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।