बलिया से ब्लॉक प्रमुख पद की लापता प्रत्याशी मऊ से बरामद, 10 हजार नगदी और सिकड़ी छीनने के आरोप में पति ने दी तहरीर
नगरा पुलिस प्रत्याशी को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। इस बाबत सीओ रसड़ा शिवनारायण वैश ने बताया कि प्रत्याशी के बयान व उसके पति द्वारा दिए गए तहरीर में अंतर आ रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया जिले के नगरा ब्लॉक प्रमुख पद की बृहस्पतिवार से लापता उम्मीदवार अनीता देवी को पुलिस शुक्रवार की शाम मऊ जनपद स्थित फातिमा हास्पिटल परिसर से बरामद कर थाने लाई। सीओ रसड़ा शिवनारायण वैश और नगरा एसओ दिनेश कुमार पाठक पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में प्रत्याशी के पति शंभू राम ने पत्नी के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
नगरा थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी प्रमुख प्रत्याशी के पति ने शंभू राम ने शुक्रवार को नगरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी करीब 2:30 बजे नगरा ब्लॉक के प्रमुख पद के लिए पर्चा दाखिल कीं। इसके बाद मैं और मेरी पत्नी घर के लिए जा रहे थे कि रास्ते में दो समर्थक मिले। कहा कि हमारे मकान पर चलिए, वहीं पर कुछ बीडीसी को मत के लिए बुलाया गया है।
हम दोनों उनके मकान पर गए। अभी मैं कुछ समझ पाता कि तब तक मेरी पत्नी के हाथ से बैग छीन कर उसमें रखा पर्चा का पावती रसीद, आधार कार्ड, 10 हजार रुपये, सोने की सिकड़ी ले लिया गया। 10 मिनट बाद मुझे धक्का देकर अपशब्द का प्रयोग करते हुए जबरिया बंद गाड़ी में बैठाकर किरहड़ापुर स्कूल में ले जाकर बंद कर दिया। मैं पूरी रात वहां रहा।
शुक्रवार की सुबह लघु शंका के बहाने भागकर किसी तरह नगरा पहुंचा। समर्थक से अपनी पत्नी के बारे में पूछा कि तो उसने गाली देते हुए कहा कि यहां से भाग जाओ। तुम्हारी पत्नी कल ही कहीं चली गई। मुझे अंदेशा है कि मेरी पत्नी के साथ कुछ गलत ना हुआ हो। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
उधर, नगरा पुलिस ने नंबर ट्रेस कर शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार व पांच बजे के बीच ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी से बात की तो पता चला कि वह मऊ जनपद स्थित फातिमा हास्पिटल परिसर में है। नगरा पुलिस प्रत्याशी को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
इस बाबत सीओ रसड़ा शिवनारायण वैश ने बताया कि प्रत्याशी के बयान व उसके पति द्वारा दिए गए तहरीर में अंतर आ रहा है। पति द्वारा प्रत्याशी को अपने साथ होना बताया जा रहा है, जबकि प्रत्याशी द्वारा अपने पुत्र के साथ होना बताया जा रहा है। पूछताछ की जा रही है।
कागजात के अभाव में वाहन सीज, 15 लाख बरामद होने का शोर
देर शाम इस बारे में रसड़ा सीओ शिवनारायण वैश ने बताया कि चार पहिया वाहन में कोई रुपया बरामद नहीं हुआ है। बल्कि वाहन में सवार युवकों द्वारा कागज नहीं दिखाया गया और बदतमीजी की गई थी इसलिए वाहन सीज कर दिया गया। वाहन से रुपये बरामद होने की बात पूरी तरह गलत है।