'2027 और 2029 में तय है BJP': बिहार की जीत पर बोले कार्यकर्ता, हनुमानजी की पूजा कर बंटवाए लड्डू; फोड़े पटाखे
Bihar Election Result 2025: बिहार में भाजपा की जीत के बाद बलिया के बैरिया में भी जश्न मनाया गया। बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने शनिवार को भगवान हनुमान का दर्शन कर प्रसाद बांटे। कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों पर ठुमके लगाए।
विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत के बाद बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार वर्मा उर्फ मंटन वर्मा ने शनिवार समर्थकों के साथ जश्न मनाया। हनुमान मंदिर में विधि विधान से पूजन कर भाजपा के शीर्ष नेताओं के लिए आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और आतिशबाज़ी कर जीत का स्वागत किया। मंटन वर्मा ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुरक्षा और स्थिरता के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन के प्रति बढ़ते भरोसे का परिणाम बताया।
उनका कहना था कि आने वाले समय में यह परिणाम पूर्वांचल क्षेत्र में भी राजनीतिक माहौल को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों में एनडीए की सरकारों के द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं का लाभ जमीन तक पहुंच रहा है, इसीलिए लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। मंटन वर्मा ने यह भी कहा कि बैरिया और बलिया जिले में भी विकास की रफ्तार तेज होगी क्योंकि एनडीए की जीत से राजनीतिक स्थिरता को मजबूती मिलेगी।
जश्न के दौरान नगर पंचायत के कई वार्डों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नारे लगाए और जीत को जनता की जीत बताया। मंटन वर्मा ने सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा जनहित और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर रहेगी।
मंथन वर्मा ने कहा कि भाजपा गठबन्धन की जीत में हर एक नेता पदाधिकारी और कार्यकर्ता का हाथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर यूपी के सीएम योगी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्या सहित केंद्र और प्रदेश के नेताओं ने एक बार फिर साबित कर दिया कि 2027 और 2029 के चुनाव में भाजपा का सत्ता में आना तय है।