फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ballia News ›   Better performance of daughters is a sign of changing social scenario: Governor

बेटियों का बेहतर प्रदर्शन बदलते सामाजिक परिदृश्य का संकेत: राज्यपाल

Tue, 24 Sep 2024 11:50 PM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Tue, 24 Sep 2024 11:50 PM IST
विज्ञापन
Better performance of daughters is a sign of changing social scenario: Governor
बलिया। राज्यपाल व जेएनसीयू की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि पदक व उपाधि पाने वालों में बड़ी संख्या बेटियों की है, जो देश के बदलते सामाजिक परिदृश्य का संकेत है। कहा कि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय अकेला नहीं है, बल्कि प्रदेश के अधिकांश विश्वविद्यालयों की यही स्थिति है। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा के अलावा खेलकूद, प्रशासन, राजनीति आदि दूसरे क्षेत्रों में भी बेटियां उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
विज्ञापन




बावजूद इसके, समाज में बेटियों के प्रति भेदभाव और अत्याचार की कतिपय घटनाएं देखने को मिल रही हैं, जो चिंताजनक है। हाल ही में घटी कुछ घटनाओं ने हमें अंदर तक हिला दिया है। हमें सोचना होगा कि एक सभ्य समाज महिलाओं के विरुद्ध अत्याचार और शोषण की घटनाओं को कब तक बर्दाश्त करेगा? कहा कि जब तक हम महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं होंगे तब तक इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगा पाना कठिन होगा। समाज को महिलाओं के प्रति संवेदनशील बनाने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों पर भी है। कुलाधिपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी शिक्षा प्रदान करनी होगी। कौशल विकास के लिए आवश्यक शिक्षा उन्हें प्रदान करनी होगी। सरकार द्वारा युवाओं के लिए मुद्रा योजना, इंटर्नशिप योजना, स्टार्ट अप के लिए अनुदान आदि योजनाओं के तहत आर्थिक प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। विश्वविद्यालयों को इसके लिए उपयुक्त विद्यार्थियों को तैयार करना होगा। कुलाधिपति ने अपेक्षा की कि विवि समर्थ पोर्टल, नैक, एम उषा की बेहतर योजना के साथ तैयारी करें और अच्छा प्रदर्शन करें।
विज्ञापन




इसके पूर्व मुख्य अतिथि प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक पद्मश्री डाॅ. रामचेत चौधरी ने बलिया की कृषि संबंधी विशेषताओं का उल्लेख किया। कृषि संबंधी अनुसंधान के लिए उन्होंने युवाओं से आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि व उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि युवाओं को सही दिशा प्रदान करना विवि का दायित्व है। कोई देश और समाज तभी प्रगति कर सकता है, जब वहां के युवा अपनी मेधा और क्षमता का प्रयोग सकारात्मक दिशा में करें। विशिष्ट अतिथि व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि युवाओं को निरंतर प्रयत्नशील रहने की जरूरत है। उन्हें अपने अंदर के बल और कौशल को जगाना होगा। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया और विश्वविद्यालय की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। इसके पूर्व राज्यपाल विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया। भवनों का निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय का निर्माण डीएस एंटरप्राइज नोएडा की ओर से किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शैक्षणिक शिष्ट यात्रा से कार्यक्रम का आरंभ हुआ, जिसमें कुलसचिव, कुलपति, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कुलाधिपति के साथ विद्यापरिषद और कार्य परिषद के सदस्य शामिल रहे। संचालन डाॅ. सरिता पांडेय एवं डाॅ. प्रमोद शंकर पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव एसएल पाल ने किया।



कुलाधिपति के हाथों सोना पाकर चहके मेधावी



बलिया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के 6वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों गोल्ड मेडल पाकर 42 मधावियों के चेहरे खिल गए। स्वर्ण पदक से सम्मानित होने वालों में 34 छात्राएं व आठ छात्र शामिल रहे। एक छात्रा आयुषी सिंह को चांसलर मेडल और दो शोधार्धियों को उपाधि से भी नवाजा गया। इसके बाद राज्यपाल ने 23342 छात्रों की उपाधि को सांकेतिक रूप से डिजी लॉकर में सुरक्षित किया। इसमें स्नातक के 19448 और स्नातकोत्तर के 389 छात्र हैं। इनमें छात्राओं की संख्या 13890 है।



इन्हें मिला स्वर्ण पदक



समारोह में स्वर्ण पदक पाने वालों में बीए की रोली सिंह, बीकॉम की सेजल गुप्ता, बीएससी की नीलाक्षी पांडेय, बीसीए के विश्वजीत उपाध्याय, बीएससी(कृषि) की समीक्षा मिश्रा, बीएड की खुशी राय, बीपीएड के पंकज कुमार यादव हैं। इसके अलावा बीएलएड के अंजलि सिंह, एलएलबी के अभिषेक पांडेय, एमए हिन्दी की अर्पिता सिंह, एमए अंग्रेजी के धीरेंद्र यादव, एमए संस्कृत के सोनाली मिश्रा, एमए उर्दू के अफसाना खातून, एमए मनोविज्ञान की खुशी वर्मा, एमए शिक्षा शास्त्र की रंजना चौरसिया हैं। इसके अलावा एमए प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व के अंशु सिंह, एमए मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास की शोभा सिंह, एमए भूगोल की काजल पांडेय, एमए राजनीति विज्ञान की दिव्या तिवारी, एमए अर्थशास्त्र की सोनम यादव, एमए दर्शनशास्त्र की रीता खरवार, एमए रक्षा एवंं स्त्रातजिक अध्ययन की ताहिरा खातून, एमए समाजशास्त्र की काजल राय, एमएसडब्लू की तेजस्वी सिंह, एमएगृह विज्ञान(मानव विकास) की श्वेता वर्मा, एमगृह विज्ञान(आहार एवं पोषण) की आरती सोनी हैं। इसके अलावा एमकाम की अपूर्वा क्षत्रिय, एमएड की प्रतीक्षा पांडेय, एमएससी भौतिक विज्ञान की प्रतिज्ञा प्रजापति, एमएससी गणित की श्रेया, एमएससी रसायन विज्ञान की ईशा, एमएससी वनस्पति विज्ञान की प्रिया सिंह, एमएससी जंतु विज्ञान की आयुषी कुमारी सिंह, एमएससी जैव प्रौद्योगिकी विज्ञान की सिम्मी सिंह, एमएससी(कृषि) कृषि अर्थशास्त्र के कनन कुमार वर्मा, एमएससी(कृषि) कृषि रसायन एवं मृदा विज्ञान की शारदा चौबे, एमएससी(कृषि) आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन की शिवानी मिश्रा हैं। एमएससी(कृषि) हार्टीकल्चर की सुमन यादव, एमएससी(कृषि) एग्रोनॉमी के आनंद यादव, बीएएमएस के दुर्गेश कुमार, एमए संगीत (गायन) की रंजना यादव, एमए संगीत(वादन) के छात्र शराफत अली शामिल हैं।



प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को किट दी



कुलाधिपति ने प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं फलों की टोकरी प्रदान की। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के परिषदीय स्कूलों में चित्रकला, भाषण, रंगोली आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसके 24 विजेता विद्यार्थियों को कुलाधिपति ने किट प्रदान की। बैग में ड्रॉइंग बुक, लंच बाॅक्स, वॉटर बाटल, स्टोरी बुक, इरेजर, टाॅफी आदि वस्तुएं थीं। इन प्रतियोगिताओं के सर्वश्रेष्ठ तीन विद्यार्थियों सरोज कुमारी प्रजापति, सुहानी, सूरज गुप्त की कुलाधिपति ने विशेष सराहना की।



आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट दी



राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट प्रदान की गई। इस किट में बच्चों के उपयोग की आवश्यक वस्तुएं ट्राईसाइकिल, बेबी हार्स, नंबर मॉडल, फ्रूट मॉडल, बिल्डिंग ब्लाक, पजल, प्लास्टिक बाल, क्ले, रिंग्स, स्टोरी बुक, एजुकेशन मैप, कुर्सी, व्हाइट बोर्ड, डस्टर एवं मार्कर सम्मिलित थे। ऐसे 100 किट जिला प्रशासन द्वारा एवं ऐसे 50 किट विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा वितरित की जा रही है। कुलाधिपति ने ऐसी 10 किट का सांकेतिक वितरण किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं सीडीओ ओजस्वी राज को हेल्थ किट एवं राजभवन पुस्तक से सम्मानित किया।



स्मारिका का हुआ लोकार्पण



इस अवसर पर स्मारिका 'सृजन', न्यूज़लेटर अन्वीक्षण (द क्वेस्ट) एवं मंगलेश डबराल की काव्यानुभूति का लोकार्पण हुआ। स्मारिका के संपादक मंडल में डाॅ. संदीप यादव, डाॅ. दिलीप मद्धेशिया, डाॅ. नीरज सिंह, डाॅ. अभिषेक मिश्र, डाॅ. प्रवीण नाथ यादव, न्यूज़लेटर के संपादक डाॅ. प्रमोद शंकर पांडेय, डाॅ. सरिता पांडेय, डाॅ. अभिषेक मिश्र, डाॅ. संदीप यादव, डाॅ. नीरज सिंह और डाॅ. प्रवीण नाथ यादव सम्मिलित रहे। पुस्तक के लेखक डाॅ. सुरेश कुमार मिश्र थे।



जैविक खेती के प्रति किसानों को करें प्रोत्साहित



दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रगतिशील किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जैविक उत्पादन पर चर्चा की। उन्होंने किसानों के उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। जिला प्रशासन को किसानों के उत्पादों के विक्रय को सुगम बनाने के लिए यथासंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। बांसडीह बाॅयो एनर्जी फार्मर प्रोदुसर कंपनी के निदेशक जय प्रकाश पांडेय एवं निदेशक अविनाश पांडेय ने किसानों द्वारा किए जाने वाले प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।



बोले मेधावी



एमए संस्कृत में गोल्ड मेडल पाने वाली सोनाली मिश्रा ने कहा कि मुझे शिक्षक बनकर देश व समाज की सेवा करनी है। साथ संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए कार्य करना है।



000



एमए मनोविज्ञान में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली खुशी वर्मा ने कहा कि मुझे मनोवैज्ञानिक बनना है। ताकि मानसिक विकृतियों के प्रति समाज को जागरूक किया जा सके।



एमए अंग्रेजी में गोल्ड मेडलिस्ट धीरेंद्र यादव ने कहा कि आगे चलकर सिविल सर्विसेज की तैयारी करनी है। ताकि देश की सेवा कर सकूं।



एलएलबी की पढ़ाई में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले अभिषेक पांडेय ने कहा कि उन्हें फिलहाल वकालत करनी है, लेकिन लक्ष्य पीसीएस जे की तैयारी करने और उसमें सफलता प्राप्त करने का है।




डीएम व सीडीओ को नहीं मिली कुर्सी



कलेक्ट्रेट के गंगा बहुउद्देश्यी सभागार में आयोजित जेएनसीयू के छठवें दीक्षांत समारोह में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और सीडीओ ओजस्वी राज के बैठने का कोई इंतजाम नहीं था, जिससे दोनों अधिकारी करीब आधे घंटे तक इधर-उधर टहलते रहे, फिर कार्यक्रम स्थल के बाहर चले गए। बाद में राज्यपाल के हाथों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट वितरित करने के समय दोनों अधिकारी सभा भवन में उपस्थित हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed