बलिया: पांच दिन बाद बरामद हुआ अपह्रत बच्चा, वारदात में शामिल तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार
20 जनवरी को अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को किया था अगवा
विस्तार
बलिया के सिकंदरपुर कस्बा के मिल्की मोहल्ला से 20 जनवरी को अपहृत बच्चे को पुलिस ने मऊ जिले के थाना मधुबन के मनसई करौंदी नरायनपुर गांव से बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में शामिल तीन महिलाओं समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल भी बरामद हुआ है।
मंगलवार को सिकंदरपुर थाने में मीडिया से बातचीत में एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि मल्की मोहल्ला निवासी कैलाश चंद्र प्रसाद के 12 वर्षीय पुत्र कृष्णा सोनी ने 20 जनवरी को शाम सात बजे दुकान बंद कर चाबी घर में लाकर रखी। इसके बाद वह घर से निकल गया, फिर वापस नहीं आया।
इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गईं। अपहर्ताओं ने 22 जनवरी को कैलाश चंद्र के मोबाइल पर फोन कर 25 लाख की फिरौती मांगी। सर्विलांस टीम व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर बच्चे को अभियुक्त लालू उर्फ रमन यादव के घर से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि बच्चे को मुख्य अभियुक्त लालू के घर में रखा गया था। उसकी तीनों बहनों ने बच्चे को काफी डरा धमका कर रखा था। गिरफ्तार अभियुक्तों में लालू उर्फ रमन यादव निवासी मनसई करौंदी नरायनपुर थाना मधुबन जनपद मऊ एवं उसकी तीन बहनें क्रमश: गुड़िया, बबिता, शीला निवासीगण मनसई करौंदी नरायनपुर थाना मधुबन मऊ तथा संजय उर्फ अटल सोनी पुत्र भरत सोनी निवासी मिल्की कस्बा सिकंदरपुर शामिल थे। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।