बलिया में फायरिंग: ड्यूटी पर जाने को ट्रेन पकड़ने जा रहे आर्मी जवान को मारी गोली, अंजाम देकर फरार हुए बदमाश
आर्मी का जवान चचेरे भाई के साथ सिलिगुड़ी जाने के लिए बुलेट से बलिया आ रहा था। अलावलपुर चिरा बाबा स्थान के पास बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे आर्मी के जवान को बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने का बाद बदमाश फरार हो गए। सुखपुरा थानाध्यक्ष गगन राज सिंह हमराहियों संग मौके पर पहुंच जवान को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गोली निकाली। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वारदात सुखपुरा थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी स्थित चिरा बाबा स्थान के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, पकड़ी थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी आर्मी के जवान नीरज सिंह(29) पुत्र वीरेंद्र सिंह शनिवार की शाम सिलीगुड़ी ड्यूटी पर जाने के लिए अपने चचेरे भाई इंद्रजीत के साथ बुलेट से बलिया रेलवे स्टेशन आ रहा था। जैसे ही वह सुखपुरा थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी स्थित चिरा बाबा स्थान के पास पहुंचा, पकड़ी से ही बाइक से पीछा कर रहे दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक दिया।
संयोग रहा कि पहली गोली मिस हो गई। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी गोली जवान के बाएं पैर में मारी। इसके बाद जवान वहीं गिर गया। बदमाश बाइक से फरार हो गए। आसपास के लोगों के सहयोग से सुखपुरा पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जवान ने बताया कि वर्ष 2018 में आरोपी की बहन ने घर से भाग किसी के साथ शादी कर ली था। इसमें मुझे, मेरे चचेरे भाई व एक अन्य युवक को आरोपी बनाया था। पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में एक माह पूर्व कोर्ट से रिहा हुए हैं।
23 जुलाई 2021 को सिलीगुड़ी ड्यूटी पर गया था। तीन अगस्त को कोर्ट में पेश होने के लिए दो अगस्त को गांव में छुट्टी पर आया था। शनिवार की शाम अपने चचेरे भाई के साथ ड्यूटी पर जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन पर बुलेट से आ रहा था। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी। सीओ ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।