रसड़ा। श्रीनाथ बाबा मठ स्थित सरोवर के घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार की शाम देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। सरोवर पर 51 हजार दीए जलाए गए और गंगा आरती की गई। महोत्सव को देखने के लिए भारी भीड़ रही।
छोटी काशी के रूप में विख्यात नगर के इस अत्यंत पवित्र श्रीनाथ बाबा सरोवर पर सूर्यास्त होते ही गंगा आरती के साथ जैसे ही हजारों दीप मालाओं को एक साथ प्रज्ज्वलित की गई। यहां का नजारा मानों ऐसा लगने लगा, जैसे जमीन पर सितारे एक साथ उतर आए हों। यहां के विहंगम दृश्य को देखने के लिए नगर के हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजक मंडल के बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय मद्देशिया युवा सभा आदि संगठनों के साथ मिलकर स्थानीय लोगों ने भी अपने-अपने घरों से लाए दीपमालाओं को उनके विशाल दीप शृंखलाओं में जोड़ते रहे। संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा सुबह से ही श्रीनाथ बाबा सरोवर के चारों तरफ साफ-सफाई, सजावट, डीजे, कट आउट को व्यवस्थित किया जाता रहा। इस मौके पर, शाम होते ही आयोजन कमेटी के द्वारा व्यवस्थित 51 हजार दीपमालाओं को एक साथ जलाए जाने के बाद विद्वान ब्राह्मणों द्वारा गंगा आरती व हनुमान जी की आरती के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया। देर तक देवगीतों की गूंज पर लोग दीपक को जलाते व मंगल कामना करते रहे। कार्यक्रम में संरक्षक श्रीनाथ मठ के महंत कौशलेंद्र गिरि महाराज, कौशल गुप्ता, संतोष गुप्ता, गोपालजी सोनी, राजू गुप्ता, लाला गुप्ता, अभिषेक दुबे, शिवम, दीप चंद जायसवाल, आनंद प्रकाश मद्देशिया, रामबाबू गुप्ता, विजय सोनी आदि की भूमिका रही।