यूपी: विसर्जन जुलूस में 20 दिन की बच्ची की मौत, डीजे की तेज आवाज से तबीयत बिगड़ने का आरोप; ऑपरेटर हिरासत में
जिले के मनियर क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान 20 दिन की बच्ची की मौत हो गई। मां की गोद में जुलूस देख रही बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ी। नाना ने डीजे की तेज आवाज को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने डीजे कब्जे में लेकर ऑपरेटर को हिरासत में लिया है।
विस्तार
लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच 20 दिन की दुधमुंही बच्ची की मौत हो गई। घटना मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में शुक्रवार दोपहर की है। मां की गोद में बच्ची जुलूस देख रही थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर निजी डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बच्ची के नाना ने डीजे के तेज शोर को मौत की वजह बताया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मुड़ियारी गांव के बिंद टोली से लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया था। जुलूस में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजागांव खरौनी के टईया टोला निवासी विशुनचंद शाह की पत्नी रीमा देवी अपनी 20 दिन की बेटी को गोद में लेकर घर के पास कुएं के समीप खड़ी होकर जुलूस देख रही थीं।
पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कुछ कहा जा सकता है
बच्ची के जन्म के दो दिन बाद ही रीमा अपने मायके मुड़ियारी गांव निवासी पिता गोरख गोंड़ के घर आ गई थीं। उनके पहले से एक बेटा और एक बेटी हैं। जुलूस देखने के दौरान अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। नाना गोरख गोंड़ का आरोप है कि डीजे की तेज आवाज से बच्ची का शरीर अकड़ गया और वह बेहोश हो गई। घबराए परिजन तत्काल उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीजे को कब्जे में लेकर उसके ऑपरेटर को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी पूजन समारोह और विसर्जन जुलूस के लिए प्रशासन से अनुमति भी नहीं ली गई थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से डीजे की तेज आवाज को बच्ची की मौत की वजह बताया गया है, लेकिन इसकी चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
