बलिया। कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के उप महानिरीक्षक वीपी त्रिपाठी ने 10 कर्मियों को गैर जनपद से जिला कारागार से संबद्ध किया है। जिसमें मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। संबद्ध होने वालों में जिला कारागार मऊ से हेड जेल वार्डर महेंद्र नाथ, आजमगढ़ से राजेश कुमार, सिद्धार्थ नगर से विनय पासवान, गोरखपुर से अनिल कुमार सरोज और राकेश कुमार, देवरिया से प्रभात कुमार त्रिपाठी और शिव प्रताप सिंह, महाराजगंज से रतीभान चौधरी और संजय चौधरी, सिद्धार्थ नगर से गोपाल पाठक को जिला कारागार बलिया से अग्रिम आदेश तक संबद्ध किया है। इन सभी को अविलंब कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। बता दें कि जेल में पिछले दिनों जिलाधिकारी अदिति सिंह एवं तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने निरीक्षण किया था। जिसमें पांच मोबाइल व अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं मिली थीं। इसके बाद डीआइजी कारागार गोरखपुर-वाराणसी क्षेत्र एके सिंह ने जांच की थी। उन्होंने रिपोर्ट शासन को सौंपी थी। मंगलवार को अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा के निलंबन व अन्य की संस्तुति का आदेश जारी किया था। बुधवार की देर रात शासन ने अवकाश पर चल रहे जेलर अंजनी गुप्ता को भी निलंबित कर दिया। फिलहाल आजमगढ़ से स्थानांतरित होकर आए जेलर राजेंद्र सिंह के अलावा डिप्टी जेलर तारकेश्वर सिंह कारागार की व्यवस्था देख रहे हैं। बंदियों के हमले में घायल डिप्टी जेलर जीतेंद्र कश्यप अवकाश पर हैं। बिजनौर से जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर सिंह का बलिया तबादला किया गया है। लेकिन अभी उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।