Bahraich: बिजली विभाग के मेगा कैंप में दो सौ उपभोक्ताओं से हुई तीन लाख की वसूली, 20 खराब मीटर भी बदले गए
बहराइच में बिजली विभाग के मेगा कैंप में दो सौ उपभोक्ताओं से तीन लाख की वसूली की गई। इस दौरान बहराइच, नानपारा व कैसरगंज सर्किल में 20 खराब मीटर भी बदले गए।
विस्तार
यूपी के बहराइच में बिजली विभाग द्वारा डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं से बकाया धनराशि जमा कराने के लिए मेगा कैंप का आयोजन किया गया है। इसमें शुक्रवार को तीनों सर्किलों में करीब तीन लाख से अधिक की वसूली की गई। इस मौके पर चार सौ से अधिक लोगों ने अपनी समस्या कैंप में रखी। यह मेगा कैंप 31 जुलाई तक चलेगा।
बिजली विभाग द्वारा बीते वर्ष 2024 में 15 सितंबर से 31 जनवरी 2025 तक तीन चरणों के लिए एक मुश्त विद्युत बिल समाधान योजना की शुरूआत की थी। इसके तहत विभाग ने बकाएदार उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर लगाए गए सरचार्ज पर छूट देने की व्यवस्था बनाई थी। योजना के तहत करीब 80 हजार उपभोक्ताओं ने अपना पंजीकरण कराया था, लेकिन योजना की समाप्ति होने के बाद कुछ उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराने के बाद भी किन्ही कारणों से योजना का लाभ नही ले पाए थे।
विभाग ने अब ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ताओं को पुन: मौका देते हुए योजना का आरंभ किया है। योजना की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। शुक्रवार को जिले के तीनों सर्किलों पर लगाए गए मेगा शिविर के माध्यम से तीन लाख की वसूली हुई। एक्सईएन कैसरगंज प्रबोध राजपूत ने बताया कि उनके सर्किल क्षेत्र में चल रहे चार स्थानों पर मेगा कैंप में सौ शिकायतों में 80 शिकायतों का निस्तारण कराया गया। वहीं उपभोक्ताओं से एक लाख 85 हजार की बकाया धनराशि की वसूली की गई है।
तीन सौ से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण
बिजली विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे मेगा शिविर के तीनों सर्किल बहराइच, नानपारा व कैसरगंज में शुक्रवार को चार सौ उपभोक्ताओं के शिकायत प्राप्त हुए थे। विभाग के अधिकारियों ने मौके पर तीन सौ से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया। इस दौरान दो सौ उपभोक्ताओं से बकाया तीन लाख की धनराशि जमा करते हुए मौके पर बीस खराब मीटरों को बदला गया।
31 जुलाई तक चलेगी योजना
जिले में चलाए गए एक मुश्त विद्युत बिल समाधान योजना में तो उपभोक्ता छूट के लिए आवेदन कर चुके थे, वह किन्ही कारणों से श योजना का लाभ नही ले पाए थे। ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ताओं को अंतिम मौका दिया जा रहा है। जिले के तीनों सर्किलों पर मौजूदा समय मेगा शिविर का आयोजन कर उपभोक्ताओं को योजना से लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को दो सौ उपभोक्ताओं से करीब तीन लाख की वसूली की जा चुकी है। -विजय राजपूत-अधीक्षण अभियंता