UP News: कोचिंग जा रहे छात्र को ट्रक ने रौंदा... दर्दनाक मौत, घर में मची चीख पुकार
बहराइच में घर से कोचिंग जा रहे छात्र को ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई।
विस्तार
यूपी के बहराइच में सोमवार सुबह घर से कोचिंग जा रहे छात्र को ट्रक ने रौंद दिया। मेडिकल कालेज लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। शोभित वर्मा (16) पुत्र मदनचंद वर्मा निवासी त्रिकोलिया फूलबख्श इंटर कालेज में कक्षा दस का छात्र था। वह सुबह साढे़ सात बजे साइकिल से हुजूरपुर में कोचिंग पढ़ने जा रहा था।
बौंवा के पास बहराइच की तरफ से आ रहे बालू लदे ट्रक ने उसकी साइकिल पर पीछे से ठोकर मार दी। इससे वह गिर गया। उसके दोनों पैर ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरैयाटांड़ पंहुचाया। जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
बहराइच में भी हालत में सुधार न होने के कारण चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय जरवलरोड के पास उसकी मौत हो गई। वहां से छात्र के शव को फिर से मेडिकल कालेज बहराइच लाया गया। जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जायेगा। थाना प्रभारी अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रक कब्जे में लिया गया है। चालक को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।