{"_id":"3f318ecece25033f678052fe18d6a68e","slug":"doctors-attacked-timardar-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"डॉक्टरों ने दो के सिर फोडे़","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
डॉक्टरों ने दो के सिर फोडे़
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
Updated Tue, 27 Oct 2015 10:21 PM IST
विज्ञापन
एक महिला ने सोमवार को विषाक्त खा लिया। परिवारीजन देर रात उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज में देरी व रुपये के लेन-देन के विवाद में तीमारदार व स्वास्थ्यकर्मी आपस में भिड़ गए। अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ हुई। डॉक्टरों ने वार्ड बॉय व अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर तीमारदारों को मेडिकल औजारों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हमले में दो तीमारदारों के सिर फट गए।
विज्ञापन
बवाल को रोकने पहुंचा सिपाही भी घायल हो गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। लखनऊ ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया है। रामगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत निंबुआरी गांव निवासी मुल्कराज की पत्नी सियारानी (30) ने सोमवार देर शाम घर में मामूली विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी तबियत बिगड़ने लगी।
विज्ञापन
परिवार वालों ने उसे रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। पति मुल्कराज का आरोप है कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने मरीज की हालत गंभीर होने का हवाला देते हुए बाहर से दवा लाने को कहा। जैसे ही भाई पृथ्वीराज दवा लाने बाहर गया, इमरजेंसी में बैठे वार्ड बॉय व अन्य कर्मचारियों ने रुपये की मांग की।
विज्ञापन
उसने भाई के दवा लेकर आने पर रुपये देने की बात कही। इसी बीच डॉक्टर और परिवारीजनों में कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि मेडिकल कर्मचारियों ने पीटना शुरू कर दिया। जैसे ही इमरजेंसी कक्ष में शोर की आवाज गूंजी, अस्पताल के सभी कर्मचारी इकट्ठा हुए और घेराबंदी करते हुए मरीज के पति मुल्कराज और भाई पृथ्वीराज की पिटाई कर दी। इस बीच इमरजेंसी में जमकर तोड़फोड़ भी हुई।
डॉक्टरों व परिवारीजनों के बीच लगभग आधे घंटे तक मारपीट होती रही। इस हंगामे से अस्पताल में करीब पांच घंटे तक अफरातफरी मची रही। अपर जिलाधिकारी विद्याशंकर ने बताया कि तीमारदारों से इलाज के दौरान रुपये की मांग की गई थी, जिसे लेकर विवाद हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी।