{"_id":"6a997c9e55145a79850edd94","slug":"bahraich-two-teenagers-drown-in-a-pond-both-bodies-recovered-within-a-span-of-half-an-hour-2026-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"बहराइच: तालाब में डूबे दो किशोरों की मौत, आधे घंटे के अंतराल में मिले दोनों शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहराइच: तालाब में डूबे दो किशोरों की मौत, आधे घंटे के अंतराल में मिले दोनों शव
Thu, 03 Sep 2026 07:26 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Thu, 03 Sep 2026 07:26 PM IST
सार
बारिश के कारण तालाब का किनारा फिसलन भरा था। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों ढलान पर जा गिरे और गहरे पानी में पहुंच गए। डूबने से उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
मृतक दीपेंद्र और संदीप।
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के शिवबढ़ैया गांव में बृहस्पतिवार को दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। रक्षाबंधन पर मामा के घर आया किशोर गांव के एक हमजोली के साथ तालाब के किनारे टहल रहा था। बारिश के कारण तट पर हुई फिसलन से दोनों गहरे पानी में जा गिरे। स्थानीय गोताखोरों ने करीब आधे घंटे के अंतराल पर दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
शिवबढ़ैया निवासी लवकुश वर्मा के घर रक्षाबंधन पर श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सलारूपुरवा निवासी उनका भांजा संदीप कुमार वर्मा (16) अपनी मां के साथ आया था। रक्षाबंधन के बाद रिश्तेदार गांव में ही ठहरे हुए थे। बृहस्पतिवार को संदीप पड़ोस में रहने वाले दीपेंद्र कुमार सोनकर (14) के साथ गांव के उत्तर दिशा में स्थित प्राचीन तालाब के किनारे टहलने गया था।
विज्ञापन
तालाब से कुछ दूरी पर गांव निवासी अरविंद वर्मा (16) खेती का काम कर रहा था। संदीप और दीपेंद्र ने उससे बातचीत की और इसके बाद दोनों तालाब के किनारे आगे बढ़ गए। बारिश के कारण तालाब का किनारा फिसलन भरा था। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों ढलान पर जा गिरे और गहरे पानी में पहुंच गए। दोनों ने बचाव के लिए शोर मचाया तो अरविंद उनकी ओर दौड़ा, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वह उन्हें बचाने का कोई उपाय नहीं कर सका। उसने तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
दोनों किशोरों के तालाब में डूबने की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन भी तालाब के किनारे पहुंचकर बचाव की कोशिश में जुट गए। स्थानीय गोताखोरों जाबिर अली, कौशर अली, लवकुश निवासी कल्यानपुर कालिया और कलीम निवासी मकनपुर ने तालाब में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे के अंतराल पर दोनों के शव बरामद कर लिए गए। शव देखते ही परिजन बिलख पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही रुपईडीहा थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार विकास कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल भजुराम, लेखपाल जगतराम और विपिन कुमार समेत राजस्व टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो भाइयों में छोटा था संदीप
संदीप रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ मामा लवकुश वर्मा, रामनाथ वर्मा और मनोज वर्मा के घर शिवबढ़ैया आया था। वह दो भाइयों में छोटा था। रक्षाबंधन की खुशियां परिवार के लिए कुछ ही समय में मातम में बदल गईं। दोनों किशोरों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में भी शोक का माहौल है।