हाईवे पर काठा में युवक से बाइक लूटी
काठा गांव निवासी कपिल गुरुवार शाम बाइक पर सवार होकर बागपत जा रहा था। जैसे ही वह पाली और काठा गांव के बीच में पहुंचा तभी तीन-चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर बाइक और अन्य सामान लूट लिया। इससे वहां हड़कंप मच गया।
मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली पर पहुंचकर शिकायत की है। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी हुई है।
टीचर से पिस्टल के बल पर लूटपाट
बागपत। रटौल से अपने घर गाजियाबाद जा रहे टीचर सचिन शर्मा से विनयपुर गांव के श्मशान घाट के पास बाइक सवार दो बदमाश पिस्टल के बल पर 18 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर ले गए। घटना की रटौल चौकी में शिकायत की। आरोप है चौकी पुलिस ने उनसे रुपये गायब होने की तहरीर लिखवा ली।
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन के (मूल निवासी लहचौड़ा) सचिन शर्मा, रटौल गांव के सेंट मेरी इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। वह बृहस्पतिवार को दोपहर के समय स्कूटी पर सवार होकर रटौल से अपने घर गाजियाबाद जा रहे थे। जैसे ही वे विनयपुर गांव के श्मशान के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर उन्हें रोका और लूटपाट करने लगे।
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर 18 हजार रुपये, एक मोबाइल, एटीएम कार्ड और अन्य कीमती सामान लूट लिया। धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। उन्होंने रटौल चौकी में वारदात की शिकायत की। आरोप है चौकी पुलिस ने लूट के मामला दर्ज नहीं करके उनसे अपनी मर्जी से रुपये गायब होने की तहरीर लिखवाई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लूट की धारा में केस दर्ज करने और जल्द से जल्द केस का खुलासा करने की मांग की।