बागपत: तीन दिन से घर से न निकली थी महिला, पड़ोसियों ने बुला ली पुलिस, दरवाजा तोड़कर देखा तो चारपाई पर मिला शव
बागपत जनपद के रमाला थानाक्षेत्र में एक मकान के भीतर महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अनहोनी की आशंका के चलते पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। महिला का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा था।
विस्तार
बागपत जनपद में रमाला थानाक्षेत्र के गूंगाखेड़ी गांव में एक महिला का शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। जिसके चेहरे पर चोट के कई निशान मिले। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर ग्रामीण महिला की हत्या होने की आशंका जता रहे हैं।
गूंगाखेड़ी गांव की रहने वाली पूनम (32) की शादी दस साल पहले हरियाणा के युवक से हुई थी, जो बाद में मुजफ्फरनर के भौराकलां में जाकर रहने लगी थी। बताया गया कि कई साल पहले पूनम का पती के साथ विवाद होने के कारण तलाक हो गया था, जिसका एक मुकदमा भी चल रहा है। तलाक होने के बाद वह गुंगाखेडी गांव में अपने घर पर रहने लगी थी।
यह भी पढ़ें: हादसे ने छीनीं दो और जिंदगी: बागपत में कैंटर की टक्कर लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत, बाइक के हुए दो टुकड़े
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का भाई नितिन एक मुकदमे में एक साल पहले जेल चला गया था, जो अभी भी जेल में बंद है। पड़ोसियों ने बताया कि पूनम तीन दिन से घर से बाहर नहीं निकली तो पडोसियों को अनहोनी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बुलाया।
पुलिस ने मकान का दरवाजा खट्खटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो पूनम का शव चारपाई पर पड़ा मिला। मृतका के चेहरे पर चोट के निशान मिले। पूनम का शव दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बनाई दूरी तो बहन लेने आई शव
मृतका पूनम पर एक साल पहले पति ने गांव में जाकर जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। जिसमें मृतका का भाई नितिन और पति भी जेल भेज दिया गया था।
पूनम के घर ग्रामीणों का आना जाना कम ही था। इस कारण पूनम की मौत होने के बाद ग्रामीण दूरी बनाए रहे और पोस्टमार्ट हाऊस भी नहीं गए। इसके बाद मृतका पूनम की बहन मुजफ्फरनगर से आई और शव लेकर चली गई।