बागपत। सिसाना यमुना खादर में सोमवार को किसानों ने रेत खनन करके फसल उजाड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
सिसाना गांव के किसान जीत सिंह, वीर सिंह, सत्तो, सुशील, सतपाल, राजो आदि दोपहर को यमुना खादर में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से यमुना खादर में मशीनों से खनन किया जा रहा है और उनके खेतों से फसलों को उजाड़ दिया गया। वह रविवार रात को वहां पहुंचे, तो जान से मारने की धमकी दी गई। किसानों ने वहां खनन में लगी मशीनों को रुकवा दिया और रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। मशीनों को रोकने के बाद ही किसान वापस गए। खनन अधिकारी हवलदार यादव का कहना है कि वहां खनन की अनुमति दी गई है और 30 जून तक की अनुमति है। किसानों की फसल उजाड़ने को लेकर कोई शिकायत आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।