UP Police Bharti: फर्जी पेपर बेचकर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार, पूछताछ जारी, जल्द खुलेंगे गिरोह के बड़े राज
UP Police Bharti : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जी पेपर बेचकर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को फर्जी पेपर बेचकर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा वह किसी दूसरे से परीक्षा दिलाने का झांसा भी अभ्यर्थियों को देते थे। पुलिस ने उनके पास से फर्जी प्रश्न पत्र, एडमिट कार्ड, फर्जी मार्कशीट, मोबाइल फोन और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पुलिस को कुछ युवकों के अभ्यर्थियों को फर्जी पेपर बेचने की जानकारी मिली। जिस पर एसओजी और पुलिस टीम ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बने तीन केंद्रों के आसपास डेरा डाल दिया। बताया कि पाली गांव के पास से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर चेकिंग की गई तो उनके पास से कई फर्जी पेपर, फर्जी मार्कशीट, एडमिट कार्ड, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
इस मामले में एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि चारों से पूछताछ में अभ्यर्थियों को फर्जी पेपर बेचकर ठगी करने का मामला सामने आया। उन्होंने बताया कि कई अभ्यर्थियों को फर्जी पेपर बेचकर ठगी भी की गई और वह 10 से 25 हजार रुपये तक पेपर बेच लेते थे। इसके अलावा अभ्यर्थियों से तीन लाख रुपये की मांग कर दूसरे को बैठाकर परीक्षा कराने का झांसा भी दिया गया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए मोनू उर्फ मनीष निवासी कुर्डी, राजन नवासी हिलवाड़ी, राजेश गौतम निवासी जौनपुर, कार्तिक निवासी गोकलपुरी दिल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
अभ्यर्थी बनकर घूम रहे थे चारों
पुलिस की माने तो फर्जी पेपर बेचकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य अभ्यर्थी बनकर दिल्ली रोड पर बने परीक्षा केंद्रों के आसपास घूम रहे थे। जो अपने बैग में दस्तावेज होने का दावा करने लगे, लेकिन जांच में सभी फर्जी निकले।
यह भी पढ़ें: सियासत: जयंत चौधरी से मुलाकात करेंगे PM मोदी, छपरौली में NDA की रैली की तारीख होगी तय
कितनों को ठगा, जांच में चलेगा पता
फर्जी पेपर बेचकर कितने अभ्यर्थियों से ठगी की गई, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। जिसमें पुलिस ठगों के संपर्क में आने वाले अभ्यर्थियों का ब्योरा भी जुटा रही है। वहीं, पुलिस ने पहले उनको सॉल्वर गैंग का सदस्य भी समझा था, लेकिन बाद में उनकी पूरी कहानी सामने आई। हालांकि, इस तथ्य पर भी जांच की जा रही है कि उन्होंने किसी को पहले परीक्षा में पेपर तो नहीं कराया है।
यह भी पढ़ें: SP Candidate List: अखिलेश ने मुजफ्फरनगर सीट पर बैठाया ये सियासी गणित, हरेंद्र मलिक के सहारे चला बड़ा दांव