Baghpat News: 50 हजार कार्ड धारकों को राशन का इंतजार, लोगों ने बयां किया दर्द, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
Baghpat News : जिले में 50 हजार कार्ड धारकों को राशन का इंतजार है। पीड़ित लोगों ने अपना दर्द बयां किया है। पढ़िए अमर उजाला की ये खास रिपोर्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जिले में राशन वितरण पिछले एक सप्ताह से जारी है, लेकिन जिले में 90 दुकानों पर अभी तक राशन नहीं पहुंचा है। इस कारण 50 हजार कार्ड धारकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है और उनको राशन के लिए अभी इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है जबकि राशन वितरण की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।
जिले में जिला आपूर्ति विभाग की 403 दुकान है, जहां से कार्ड धारकों को राशन वितरित किया जाता है। इन दुकानों पर एफसीआई के गोदाम से हर माह की 15 तारीख से राशन मिलना शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार अभी तक केवल 313 दुकानों पर राशन पहुंचा है। जहां 22 दिसंबर से राशन वितरण शुरू हो चुका है और 31 दिसंबर तक उसका वितरण किया जाना है, लेकिन 90 दुकानों पर अभी तक राशन नहीं पहुंचा है। जिससे इन दुकानों से जुड़े करीब 50 हजार कार्ड धारकों को राशन नहीं मिलने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खाद्यान्न की कमी, अब मांग भेजी
जिला विपणन अधिकारी कौशल देव के अनुसार एफसीआई के गोदाम में खाद्यान्न की कमी है। इस कारण ही सभी जगह आपूर्ति नहीं हो सकी है। इसके लिए मांग भेजी गई है। मांग के आधार पर जल्द ही खाद्यान्न की आपूर्ति हो जाएगी। जिसके बाद कार्ड धारकों को राशन मिल जाएगा।
पूरा परिवार राशन पर निर्भर
बड़ौत की राशन कार्ड धारक सत्यवती चौहान ने बताया कि उन्हें अभी तक राशन नहीं मिला, पूरा परिवार राशन पर ही निर्भर है।
राशन नहीं आने की बात कहकर वापस भेजा
कार्ड धारक मुनेश ने बताया कि राशन लेने के लिए कई बार डीलर के यहां पर जा चुके हैं, लेकिन राशन अभी तक नहीं आया है, यह कहकर राशन डीलर वापस भेज देता है।
राशन नहीं मिल रहा
कार्ड धारक बबली ने बताया कि उन्हें आठ यूनिट राशन मिलता है, लेकिन पिछले एक माह से राशन नहीं मिला। जबकि कई जगह राशन मिल रहा है और इस कारण ही वह राशन लेने पहुंची थी।
शिकायत के बाद भी नहीं मिला राशन
कार्ड धारक अर्चना ने बताया कि बड़ौत तहसील में भी राशन न मिलने की शिकायत की थी। लेकिन शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: क्रिकेटर शिवम मावी को मिला नया मुकाम, गंगानगर में छात्राें के दो गुटों के बीच फायरिंग
विभागीय अफसरों को अवगत कराया
राशन विक्रेता कल्याण समिति के मंडल अध्यक्ष सुधीर दांगी ने बताया कि काफी राशन डीलरों को अभी तक राशन नहीं दिया गया। कई बार इस संबंध में विभागीय अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut: तुनिषा आत्महत्या मामले में आरोपी शीजान का मेरठ से खास नाता, दो बहनों ने टेलिविजन पर कमाया है नाम
एफसीआई के गोदाम से खाद्यान्न नहीं मिलने के कारण समस्या हो रही है। इस बारे में अधिकारियों से बातचीत की गई है। जिस तरह से खाद्यान्न मिलता है, उसे ज्यादा से ज्यादा दुकानों पर पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। जल्द ही सभी दुकानों पर राशन पहुंच जाएगा। - केबी सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी