दर्दनाक: तेज रफ्तार वाहन ने ली दो युवकों की जान, तीसरे की हालत गंभीर, फैक्टरी में साथ काम करते थे दोनों
Saharanpur Accident News : सहारनपुर में एक तेज रफ्तार वाहन ने दो युवकों की जान ले ली। वहीं, तीसरे युवक की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के कोतवाली मिर्जापुर क्षेत्र में दो बाइक सवार युवकों की अज्ञात वाहन से टकराने से मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे खड़ा उनका साथी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सीएचसी बेहट भिजवाया, जहां पर दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
यह हादसा लांडापुल के पास हुआ। गांव जाटोवाला उर्फ फतेहुल्लापुर निवासी परविंदर (20) पुत्र सतीश एवं उसका एक साथी सुधांशु (20) पुत्र आनंद निवासी शाहपुर बांस पोंटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) में किसी फैक्टरी में मजदूरी का कार्य करते थे।
बताया गया कि मंगलवार रात में वे दोनों पोंटा साहिब के लिए घर से निकले थे, जैसे ही उनकी बाइक लांडापुल के पास पहुंची तो उनका एक अन्य साथी सैंटी पुत्र कल्लू उर्फ बीरबल निवासी छज्जा उनको रास्ते में मिल गया। यह दोनों बाइक पर ही सड़क किनारे रुककर उससे बात करने लगे। इतनी देर में ही हथिनीकुंड की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने इनको टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन से टकराते ही तीनों सड़क किनारे गिर गए। इस दौरान किसी ने घटना की जानकारी हथिनीकुंड पुलिस चौकी को दी।
यह भी पढ़ें: रिटायर्ड फौजी के न कांपे हाथ: छोटे भाई को दी ऐसी मौत, दहल उठा लोगों का दिल, बाथरूम में पड़ी मिली लाश
सूचना मिलते ही हथिनी कुंड चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और तीनों घायल युवकों को सीएचसी भिजवाया, जहां पर चिकित्सकों की टीम ने परविंदर व सुधांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि सैंटी के पैर की हड्डी टूटने पर उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: इस गिरोह ने उड़ाए होश: एक करोड़ के मोबाइल देख अफसर भी हैरान, इन राज्यों में फैला नेटवर्क, चार शातिर गिरफ्तार