खेकड़ा। क्षेत्र के बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर में श़ुरू हुए दो दिवसीय जैन राजनीतिक मंच अधिवेशन में जैन समाज को राजनीतिक क्षेत्र में सुदृढ़ बनाने के अभियान के तहत जैन राजनीतिक मंच के बैनर पर चर्चा की गई। अधिवेशन में रविवार को महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
बड़ागांव स्थित त्रिलोकतीर्थ धाम जैन मंदिर के प्रांगण में शनिवार को जैन राजनीतिक चेतना मंच का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन प्रारंभ हुआ। इसमें राजस्थान के पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, राजस्थान के पूर्व मंत्री श्रीचंद राज सिंघवी के अतिरिक्त मध्यप्रदेश, गोवा, झारखंड, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों की राजनीति से जुडे़ जैन समाज के लोगों ने भाग लेकर विचार रखे। सभी ने समाज को संगठित कर अपनी ताकत बढ़ाने का संकल्प लिया। मंदिर समिति प्रबंधक त्रिलोक चंद जैन ने बताया कि मंच अध्यक्ष गजराज गंगवाल की अध्यक्षता में शुरू हुआ अधिवेशन रविवार को संपन्न होगा। अधिवेशन में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।