Baghpat: दीपावली की रात तीन गाड़ियां धधकीं: हाईवे पर मचा हड़कंप, पटाखे से लगी आग का अंदेशा
बड़ौत के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर छपरौली चुंगी के पास सोमवार देर रात तीन गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
बड़ौत नगर के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित छपरौली चुंगी के पास बिल्लू मिस्त्री की दुकान के बाहर खड़ी दो कारें और एक टेंपो सोमवार देर रात अचानक आग की लपटों में घिर गए। आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि तीनों वाहन पूरी तरह जल गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना पर दमकलकर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के पीछे दिवाली के पटाखे से उठी चिंगारी को कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जलता हुआ पटाखा किसी वाहन पर गिरा, जिससे आग भड़क उठी।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास खड़े वाहन तुरंत हटा लिए गए, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।