बागपत। जिले की फैक्टरियों में किसानों को दिए जाने वाले यूरिया का प्रयोग करने की सूचना पर अधिकारियों ने छापा मारा। उन्होंने फैक्टरियों में जांच की।
शासन के आदेश पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जिले में तीन टीम का गठन किया था। इसके बाद मंगलवार को बागपत में उप निदेशक कृषि दुर्विजय सिंह, उपायुक्त उद्योग अर्चना तिवारी, नायब तहसीलदार रूबी यादव, बड़ौत में जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद सिंह, सहायक प्रबंधक उद्योग आशा, नायब तहसीलदार अतुल कुमार व खेकड़ा में अपर जिला कृषि अधिकारी अंकुर सिंह, सहायक प्रबंधक उद्योग नेहा, नायब तहसीलदार मोनिका यादव ने 14 फैक्टरियों में छापा मारा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सभी फैक्टरियों में सामान बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला यूरिया ही मिला। बताया कि कुछ फैक्टरी संचालक किसानों से यूरिया खरीदने के बाद ग्रीस, प्लाईवुड, रंग बनाने में इसका प्रयोग करते हैं। लेकिन जिले में ऐसा कुछ नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने किसानों से ब्लैक में यूरिया खरीदा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।