जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का बुलावा: मुरथल से लौट रही स्कार्पियो में पलटते ही लगी आग, तीन दोस्तों की जलकर मौत
Panipat Accident News: हरियाणा के मुरथल में जन्मदिन की पार्टी के बाद लौट रहे चार दोस्तों की स्कार्पियो बहालगढ़ फ्लाईओवर पर पलटकर आग की चपेट में आ गई। हादसे में बिनौली और सिरसली के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर है।
विस्तार
गुरुवार रात जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मुरथल से पार्टी करके लौट रहे चार दोस्तों की स्कार्पियो गाड़ी बहालगढ़ फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हुई है जबकि एक युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
हादसे में बिनौली निवासी प्रिंस धामा (27) पुत्र रविन्द्र धामा, आदित्य धामा उर्फ शेखर (24) पुत्र जितेंद्र धामा और सिरसली गांव निवासी सचिन तोमर (22) पुत्र लोकेंद्र की दर्दनाक मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Baghpat: छह बार लापता हो चुका 5 साल का मासूम, हर बार पुलिस ने पिता को सौंपा... फिर गायब! पहेली बन गया बच्चा
हादसे में एकमात्र बचे युवक विशाल पुत्र जजवेंद्र तोमर (बिनौली) की हालत भी गंभीर बताई गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने हालत चिंताजनक बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में थी और संतुलन बिगड़ते ही सीधे डिवाइडर से टकराई और पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया था।
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही बिनौली और सिरसली गांव पहुंची, दोनों ही गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। तीन नौजवान बेटों की एक साथ मौत से परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।