बागपत। डीएम राजकमल यादव ने कलक्ट्रेट सभागार में आइजीआरएस पोर्टल की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न करने व लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने की चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी व जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत लंबित रहने पर संबंधित विभाग को कार्यशैली में परिवर्तन नहीं करना माना जाएगा। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कोई भी शिकायत नहीं आनी चाहिए। शिकायतों का समय से निस्तारण करें। उन्होंने शिकायतकर्ता से शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं की जानकारी लें। शिकायत का गंभीरता के साथ समाधान न करने की लापरवाही बर्दाश्त नहीं जाएगी। अधिकारी शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें। कार्यालय अध्यक्षों को सुबह दस बजे कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं को सुनने के निर्देश दिए। कार्यालय में अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, एसडीएम व समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।