बागपत, खेकड़ा। पाठशाला रोड पर बने गहरे गड्ढों में पिछले एक माह से हुआ जलभराव लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
खेकड़ा का पाठशाला रोड दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाने आने के लिए मुख्य मार्ग है। चार माह पूर्व शहीद द्वार के पास यह मार्ग क्षतिग्रस्त होना शुरू हो गया था। अब मार्ग में गहरे गड्ढे हो गए हैं और उनमें फैक्टरियों के केमिकल युक्त दूषित पानी भरा पड़ा है। आए दिन बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। बिलेंद्र सिंह, राजपाल, संदीप, प्रदीप, धीरज, राजेश आदि प्रशासन से कई बार समस्या से निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं किया गया।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग की स्थिति को देखकर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित को नाले की सफाई कराने, पंप के जरिये जलभराव को दूर कराकर और गड्ढों में पत्थर डलवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद समस्या का निदान नही कराया गया। लोगों ने एसडीएम से समस्या का निदान कराए जाने की मांग की है। एसडीएम अजय कुमार का कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही समस्या का निदान कराया जाएगा।