बड़ौत। श्रद्धा वॉकर की दिल्ली में हुई निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। हत्या के आरोपी आफताब पूनावाला को फांसी की सजा देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि इस हत्या के पीछे की साजिश का पर्दाफाश कर दोषी पाए जाने वाले को सख्त सजा दी जानी चाहिए। श्रद्धा की निर्मम हत्या से पूरा देश सदमे में है। पूरा देश श्रद्धा के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि हम इस मामले को केवल एक हत्या के मामले के रूप में नहीं देख सकते हैं। सबूतों को देखते हुए दिल्ली पुलिस को इसमें लव-जिहाद के कोण से भी जांच करने की जरूरत है।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य नितिन जैन का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना केवल एक इंसान के लिए संभव नहीं है। कोई अकेला शख्स इस अपराध को नहीं कर सकता है। दिल्ली पुलिस जांच करे कि इस मामले में कौन लोग या समूह शामिल थे? क्या हमारे देश में इस तरह का गिरोह चल रहा है? हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को भी सौंपा। इस दौरान नितिन जैन, अमन जैन, शुभम, दिलावर सिंह, ओमप्रकाश कश्यप, वासु जैन, आदित्य ठाकुर, अमित वशिष्ठ, अंकित, गोपाल, प्रमोद, सक्षम पंडित आदि मौजूद रहे।