Nikay Chunav 2023: सपा ने साफ की तस्वीर, इन दो सीटों पर नहीं लड़ेगी चुनाव, रालोद का करेगी समर्थन
Nikay Chunav 2023 : समाजवादी पार्टी ने यहां तस्वीर साफ कर दी है। पार्टी इन दो सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी और रालोद का समर्थन करेगी।
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) ने नगर पालिका बागपत और बड़ौत से अध्यक्ष पद के लिए भले ही अपने प्रत्याशी नहीं उतारने और रालोद को समर्थन करने की बात कही है। मगर दोनों ही जगह सभासद के लिए सपा अपने प्रत्याशी उतार रही है। उसने अभी तक दोनों जगह 12 प्रत्याशी उतार दिए हैं और यह सिलसिला अभी जारी है।
सपा-रालोद का गठबंधन चल रहा है और निकाय चुनाव को लेकर भी दोनों पार्टियों के नेताओं ने मिलकर लड़ने का दावा किया था। ऐसे में रालोद ने सबसे पहले बागपत से पूर्व चेयरमैन राजुद्दीन और खेकड़ा से रंजीता धामा को प्रत्याशी बनाया था। मगर तीन दिन पहले खेकड़ा से पूर्व चेयरमैन संगीता धामा और बड़ौत से रणधीर प्रधान को सपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिया था। जिसका नुकसान रालोद को होता दिख रहा था और इस तरह रालोद-सपा गठबंधन में दरार आने की चर्चाएं भी शुरू हो गई थीं, लेकिन मंगलवार को सपा के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके कहा था कि बड़ौत व बागपत में सपा स्थानीय नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेगी।
इसके साथ ही कहा गया कि वह रालोद को समर्थन करेगी। वहीं अब बड़ौत व बागपत में सपा ने वार्डों में सभासद के लिए अपने प्रत्याशी उतारने शुरू कर दिए हैं। जिससे संशय की स्थिति पैदा होती जा रही है कि अध्यक्ष पद के लिए दोनों जगह रालोद को समर्थन कर दिया तो सभासद के लिए प्रत्याशी उतार दिए।
यह भी पढ़ें: Atiq Ashraf Murder Case: हमलावर सनी ने उगला बड़ा राज, कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई से कनेक्शन? चौंका देगी रिपोर्ट
सपा ने अभी तक बड़ौत और बागपत दोनों जगह छह-छह प्रत्याशी उतारे हैं। सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव का कहना है कि सभासद को लेकर कोई गठबंधन नहीं है। इसलिए ही सभासद के प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं और अभी 12 को चुनाव चिह्न दिया गया है। यह प्रक्रिया अभी चल रही है और सभी जगह प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
नगर पालिका परिषद बागपत के प्रत्याशी
वार्ड-9 से आकिल राजपूत, वार्ड-10 से मेहंदी हसन, वार्ड-12 से आसमा, वार्ड-15 से इसराना, वार्ड-17 से फुरकान, वार्ड-19 से अहसान को सपा ने सिंबल दिया है।
यह भी पढ़ें: UP: आखिर दबोचा गया 50 हजार का इनामी काला, पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार, पूछताछ में खोलेगा बड़े राज
नगर पालिका परिषद बड़ौत के प्रत्याशी
वार्ड दो से अंजना, वार्ड-7 से देव शर्मा, वार्ड-10 से नाजिमा, वार्ड-22 से नगमा, वार्ड-24 से फूल मिजरा, वार्ड-25 से नफीसा को सपा का सिंबल देने की बात कही है।