देव मूर्तियों की स्थापना के लिए खेकड़ा में निकाली कलश यात्रा
खेकड़ा (बागपत)। नगर के मोहल्ला चक्रसेनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में कलश यात्रा निकालने के साथ ही देवी देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए अनुष्ठान शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में शामिल होकर धार्मिक भजनों पर नृत्य कर धर्म लाभ उठाया।
मोहल्ला चक्रसेनपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में शिव परिवार, राधा कृष्ण, शनि देव और मां लक्ष्मी की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। सोमवार की सुबह आठ बजे पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू हुई। बैंड बाजों के साथ निकाली गई कलश यात्रा ने नगर के मोहल्ला औरंगाबाद, रेलवे रोड, मोहल्ला विजयनगर, मोहल्ला अहिरान, पांडव चौक, छोटा बाजार और बड़ा बाजार का भ्रमण किया। यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालु सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए आगे बढ़ रही थी। करीब दो घंटे भ्रमण के बाद यात्रा वापस मंदिर में पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद मंदिर में मंत्रोचार के बीच कलशों की स्थापना कराने के साथ ही पांच दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया। 10 जून को मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना कराई जाएगी। कलश यात्रा में ब्रजपाल कौशिक, ओमप्रकाश शर्मा, रामचंदर कौशिक, अनुज कौशिक, ओमपाल धामा, बिजेंद्र शर्मा, आदर्श गुप्ता, गुड्डू पंडित, विपिन शर्मा आदि शामिल रहे।