बागपत। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती शादी से एक दिन पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घर से 20 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब है। उसकी मां ने तहरीर देते हुए बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। साथ ही चंडीगढ़ निवासी वर पक्ष को फोन कर बरात लाने से मना किया गया।
महिला ने बताया कि बताया कि उसकी 21 वर्षीय बेटी का रिश्ता चंडीगढ़ के एक कस्बे के युवक के साथ किया था। शुक्रवार को बरात आनी थी। शादी की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थी। बृहस्पतिवार देर रात कामकाज करने के बाद परिवार के लोग सोए थे। शुक्रवार की सुबह चार बजे परिजन व रिश्तेदार जागे तो बेटी घर से गायब मिली। उसे आसपास तलाश किया गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। घर से करीब 20 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण गायब है। इस घटना से शादी की खुशियां परेशानी में तब्दील हो गई। लापता बेटी का कहीं पता नहीं चला तो मोबाइल से कॉल कर लड़के पक्ष को पूरे मामले से अवगत कराया और बरात न लाने का आग्रह किया गया। बाद में पीड़ित महिला के परिजन व रिश्तेदारों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से बेटी की बरामदगी की मांग की। कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि लापता युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।