Baghpat: बेड पर सो रहा था पांच साल का फैजान, खिड़की से आए सांप ने काटा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़
बागपत के ककौरकलां गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। नींद में सो रहे पांच साल के फैजान को सांप ने काट लिया। परिवार अस्पताल लेकर भागा, लेकिन रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई। गांव में मातम छा गया।
विस्तार
बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के ककौरकलां गांव में गुरुवार सुबह एक मासूम की मौत ने सभी को झकझोर दिया। नींद में सो रहे पांच साल के फैजान को सांप ने काट लिया, जिससे कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। परिवार का इकलौता बेटा फैजान अपने माता-पिता की दुनिया का केंद्र था। उसकी अचानक मौत से गांव में मातम का माहौल है।
गांव निवासी आसिफ ने बताया कि बुधवार रात उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर कमरे में बिस्तर पर सो रही थी। करीब तीन बजे अचानक फैजान नींद में ही चिल्लाया और रोने लगा। जब लाइट जलाई गई तो परिवार ने देखा कि कमरे की खिड़की से एक काला सांप बाहर निकलता हुआ जा रहा है। उस वक्त तक किसी को अंदाज़ा नहीं था कि फैजान को वही सांप काट गया है।
यह भी पढ़ें: बयान पर गरमाई सियासत: इकरा हसन और पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी आमने-सामने, अब बोले-पहले अपना आचरण देखें सपा सांसद
कुछ ही देर में फैजान की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाने का फैसला किया। आसिफ अपने बेटे को गोद में लेकर घर से निकला, लेकिन रास्ते में ही मासूम की सांसें थम गईं। जब तक वे जिला अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही गांव के लोग आसिफ के घर पहुंचे। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि चंचल फैजान अब इस दुनिया में नहीं रहा। पूरे गांव में मातम पसर गया है।
परिवार के लोग बेसुध हैं, मां बार-बार बेहोश हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में क्षेत्र में कई बार सांप निकलने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इतनी दर्दनाक घटना पहली बार हुई है।
सीएमएस डॉ. अनुराग ने बताया कि बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।