बजट में चंद लोगों को किया खुश : जयंत चौधरी
बड़ौत (बागपत)। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि आम बजट से चंद लोगों को खुश रखने का काम किया गया है। जबकि किसानों को कुछ नहीं मिला है। यह बजट आमजन के लिए सपने दिखाने के सिवा कुछ नही है। वह द रॉयल स्टेप में रालोद नेता सुरेश मलिक के यहां शादी समारोह में आए थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आम बजट में दो तीन करोड़ लोगों को फायदा पहुंचाने का काम किया है जबकि बाकी जनता के लिए कुछ नहीं है। किसान निधि के बजट में कटौती की गई है। वहीं, देश की रक्षा के लिए भी पिछले 1966 के बाद कुछ नहीं दिया गया। इससे सेना को भी कोई लाभ नहीं होने वाला है। एफसीआई के बजट में कटौती की गई है। इसका प्रभाव सीधे किसानों पर पड़ेगा। युवाओं के लिए भी कुछ नहीं दिया गया है। दिल्ली में आए दिन गोलियां चल रही है। दिल्ली चुनाव में भी भाजपा दंगा कराने की फिराक में है। इस मौके पर पूर्व विधायक वीरपाल राठी, सुरेश मलिक, स्वामी ओमवेश, पूर्व विधायक डॉ. अजय तोमर, रालोद नेता संजीव मान, राज कुमार सांगवान, पूर्व मंत्री योगराज, धर्मवीर एडवोकेट, सतीश तोमर, अरुण तोमर बॉबी, राम कुमार चेयरमैन आदि रहे।।