हाईवे पर आत्महत्या करने पहुंची महिला
घास मंडी बड़ौत की रहने वाली ममता का पति बबलू शराब पीने का शौकीन है। आए दिन वह शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। उसे कई बार समझाया गया, लेकिन वह बाज नहीं आया। मंगलवार की रात में वह शराब पीकर आया और उसकी पत्नी ममता ने उसे टोक दिया। इस पर पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने का प्रयास किया।
क्षुब्ध होकर महिला से घर से निकल गई और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बस स्टैंड चौकी पहुंची और सड़क के बीचों बीच खड़ी होकर कहा मैं पति के जुल्मों से तंग आकर आत्महत्या कर रही हूं। ट्रक चालक ने किसी तरह पॉवर ब्रेक लगा कर ट्रक रोका और उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर वहां भारी भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस उसे लेकर पुलिस चौकी पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक वहां मौजूद लोग व पुलिस महिला को समझाते रहे। बाद में महिला मान गई और पुलिस उसे उसके घर छोड़ आई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया इस तरह के मामले की जानकारी मिली थी। पुलिस महिला को समझाकर उसके पति के पास छोड़ आई और पति को भी हिदायत दी यदि उसने उसके साथ मारपीट की तो कार्रवाई होगी।