Baghpat: बड़ौत में मिला चिकित्सक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दिल्ली में कार्यरत थे परवेज
बागपत के बड़ौत में शनिवार को चिकित्सक परवेज का शव यमुना नहर पटरी पर मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। परवेज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में कार्यरत थे। पुलिस ने जांच शुरू की है।
विस्तार
बड़ौत नगर में शनिवार सुबह सनसनी फैल गई जब कोताना रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पटरी पर एक चिकित्सक का शव मिला। मृतक की पहचान किदवई नगर निवासी और दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक परवेज (30) के रूप में हुई है।
सुबह स्थानीय लोगों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और उसे सरकारी अस्पताल भेजा। कुछ देर बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 23 अगस्त को आपके शहर में क्या हुआ
परिजनों ने आशंका जताई कि परवेज की हत्या कर शव नहर पटरी पर फेंका गया है। गुस्से में परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने हंगामा करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होगा, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।
करीब एक घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस के प्रयासों से परिजन राजी हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।