Baghpat:दो नई ट्रेनों के साथ ही एक पुरानी बंद! दिल्ली-शामली सुबह वाली ट्रेन 3 महीने ठप, मुश्किल में 900 यात्री
Baghpat News: दिल्ली-शामली रूट पर सोमवार को दो नई ट्रेनों की शुरुआत के साथ ही रेलवे ने पुरानी सुबह वाली ट्रेन 54058 को 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक बंद करने के आदेश जारी किए हैं। इससे दिल्ली जाने वाले मरीजों, नौकरीपेशा और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी होगी।
विस्तार
दिल्ली से शामली के बीच सोमवार को दो नई ट्रेन शुरू करते ही एक पुरानी ट्रेन को सर्दी में बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए। दिल्ली से शामली के बीच चलने वाली इस ट्रेन नंबर 54058 को कोहरा और ठंड का हवाला देकर एक दिसंबर से 28 फरवरी तक बंद किया जाएगा। इसके बंद होने से तीन महीने के लिए यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। वहीं यात्रियों का कहना है कि अभी न कोहरा है और न ही इतनी ठंड पड़ रही है फिर भी ट्रेन को अभी से बंद करने के आदेश जारी कर दिए।
यात्रियों को राहत देने के लिए सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से शामली के बीच दो नई ट्रेन शुरू कराई। इनके शुरू होने पर बुधवार को दोनों ट्रेनों में 400 से अधिक यात्रियों ने सफर किया मगर इसके साथ ही एक दिसंबर से यात्रियों की परेशानी बढ़ती दिख रही है। शामली से दिल्ली के बीच सुबह को चलने वाली ट्रेन एक दिसंबर से बंद हो जाएगी। यह ट्रेन शामली से सुबह 4:10 बजे चलती है और बड़ौत स्टेशन पर 5:11 पर पहुंचती है।
यहां से इस ट्रेन में सबसे अधिक मरीज और उनके परिवार वाले अस्पताल जल्दी पहुंचने के लिए सफर करते थे क्योंकि यह ट्रेन तकरीबन 7 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली पहुंच जाती है। इनके अलावा नौकरीपेशा भी काफी लोग इस ट्रेन में सफर करते हैं।
ट्रेन के बंद होने से करीब 900 से अधिक यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। वहीं जब यह ट्रेन वापस दिल्ली से ट्रेन नंबर 54057 बनकर आती है तो यह दिल्ली से रात 9 बजे रवाना होकर बड़ौत स्टेशन पर 10:29 पर पहुंचती है। वहीं शामली स्टेशन पर यह साढ़े ग्यारह बजे पहुंचती है। इस समय भी काफी यात्री दिल्ली से इस ट्रेन में सफर करते हैं। अब यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी हो जाएगी।
ये बोले यात्री
- मैं हर सप्ताह अपना उपचार कराने के लिए दिल्ली जाता हूं। अब तीन महीने तक ट्रेन बंद रहने से इलाज कराने जाने में परेशानी होगी। दिल्ली में सुबह को पहुंचना बड़ी चुनौती है। - पुष्पेंद्र चौहान
- मैं रोजाना दिल्ली से देर शाम को बड़ौत घर आती हूं। ट्रेन बंद होने से अब मुझे पहले बस और फिर रिक्शा का सहारा लेना पड़ेगा, सफर लंबा और परेशानी भरा होगा। - काजल
जिले से काफी लोग सुबह को इस ट्रेन में दिल्ली जाते हैं, जिससे वह समय पर कार्यालय व अन्य जगहों पर पहुंच सकें। ट्रेन बंद होने पर अधिकांश लोगों को परेशानी होगी। अभी कोहरा व सर्दी नहीं हो रही है तो ट्रेन को लगातार चलाया जाना चाहिए। - सुभाष नैन।
कोहरा व अधिक ठंड होने का हवाला देते हुए इस ट्रेन को ऊपर से बंद करने के आदेश मिले हैं। एक दिसंबर से 28 फरवरी तक यह ट्रेन बंद रहेगी। - सुरेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक बड़ौत