गोलियों से भूना: हत्या से गांव में फैली सनसनी, सामने आई मर्डर की बड़ी वजह, हमलावर हुए फरार
Baghpat Murder Case : बागपत में हत्या के मामले में जमानत पर आए आरोपी को गोलियों से भूनकर मार डाला। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।
विस्तार
बागपत जनपद में बड़ौत के वाजिदपुर गांव में हत्या के मामले में जमानत पर आए आरोपी युवक की बुधवार को दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्यारे दो बाइकों पर सवार थे और हत्या के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए वहां से भाग गए।
सूचना पर एसपी व एएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दरअसल, चार सितंबर 2022 को वाजिदपुर गांव में सन्नी तोमर (24) पुत्र संजीव की एक टूटे हुए पुराने मकान में सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक सन्नी के दोस्त धीरज उर्फ छोला पुत्र तेजपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, क्योंकि सन्नी की हत्या के दौरान धीरज वहीं पर मौजूद था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी धीरज ने बताया था कि सन्नी ने उसकी बहन के प्रति अशोभनीय टिप्पणी की थी, इसी वजह से सन्नी की गोली मारकर हत्या की थी। धीरज जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को लगभग तीन बजे गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-3 के पास दो बाइकों पर सवार चार-पांच युवकों ने एक के बाद एक छह गोलियां मारकर धीरज को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद सभी आरोपी हाथों में हथियार लेकर लहराते हुए वहां से भाग निकले।
उधर, गोलियों की आवाज सुनकर गांव में सनसनी फैल गई। हमलावरों के जाने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पर पहुंचे तो मृतक युवक की शिनाख्त धीरज उर्फ छोला के रूप में की। धीरज को छह गोली लगी हुई थी, पांच गोली कमर व एक गोली सिर पर लगी थी।
यह भी पढ़ें: पत्नी और मां का कत्ल: रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने बताई चौंकाने वाली वजह, हत्या से पहले बीवी से कहे थे ये शब्द
सूचना पर इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अर्पित विजयविर्गीय, एएसपी एनपी सिंह व सीओ सविरत्न गौतम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि अभी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Election 2024: मेरठ कैंट विधानसभा सीट के बढ़े मतदान से रोचक हुआ लोकसभा चुनाव, विपक्ष की बढ़ सकती है मुसीबत