ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर पलटी स्लीपर बस, 28 यात्री घायल
बागपत। हिमाचल प्रदेश से यूपी के विभिन्न जिलों को जा रही निजी बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा स्टेडियम के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। 70 यात्रियों की क्षमता वाली स्लीपर बस में 148 यात्री सवार थे। 28 यात्री घायल हो गए, जबकि 30 से अधिक को मामूली चोटें लगी हैं। पांच लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे के बाद ईपीई पर चीख-पुकार मच गई और जाम लग गया।
हादसा सोमवार रात करीब दो बजे हुआ। हिमाचल प्रदेश के बद्दी की साबुन फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर निजी बस में सवार थे। इन्हें बरेली, बदायूं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, संभल, शाहजहांपुर, हल्द्वानी, हरदोई जाना था। खेकड़ा थाना क्षेत्र में मवी कलां इंटरचेंज से आगे निकलते ही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे ईपीई पर जाम लग गया। पुलिस ने अन्य वाहन चालकों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। साथ ही एक्सप्रेस-वे पर यातायात सुचारु कराया। एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार का कहना है कि बस की क्षमता 70 यात्रियों की थी, जबकि उसमें करीब 148 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बस चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, 23 यात्रियों को बागपत में उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया। मेरठ मेडिकल भेजे गए चार लोगों को भी छुट्टी दे दी गई, जबकि एक को रेफर किया गया है।