UP: बिजनौर में जीएसटी में बड़ा फर्जीवाड़ा, दिल्ली और गाजियाबाद के दो व्यापारी गिरफ्तार
बिजनौर में जीएसटी फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने दिल्ली और गाजियाबाद के दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी फर्म बनाकर बिना व्यापार के रिटर्न दाखिल कर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर में जीएसटी में फर्जीवाड़ा कर सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दिल्ली और गाजियाबाद के दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी फर्म बनाकर बिना वास्तविक व्यापार किए जीएसटी पोर्टल पर रिटर्न दाखिल किए और इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया।
फर्जी रिटर्न दाखिल कर लिया आईटीसी का लाभ
इस मामले में दिसंबर 2025 में सहायक आयुक्त राज्य कर अभिनव सोनी ने शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि कुछ फर्म संचालकों ने बिना किसी वास्तविक व्यापार के जीएसटी पोर्टल पर फर्जी रिटर्न दाखिल किए और इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेकर उसे अन्य लोगों को पास कर दिया। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ।
पुलिस की विवेचना के दौरान दिल्ली निवासी फर्म स्वामी प्रवेश शर्मा और गाजियाबाद निवासी अमित कुमार सिंघल का नाम सामने आया। इसके बाद मुकदमे में धोखाधड़ी, जालसाजी और षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी गईं।
दिल्ली और गाजियाबाद से आरोपी गिरफ्तार
शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रवेश शर्मा निवासी उत्तर पूर्वी दिल्ली और अमित कुमार सिंघल निवासी नवयुग मार्केट गाजियाबाद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने फर्जी फर्म बनाकर कागजी लेनदेन दिखाए और इनपुट टैक्स क्रेडिट के जरिए टैक्स चोरी की।
अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी
एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही इस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।