Baghpat: ओला कार लूटकर भाग रहे दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल, तमंचा बरामद
Baghpat News : ओला कार लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
विस्तार
बागपत में ओला कार लूटकर भाग रहे बदमाशों की सोमवार की देर शाम बिनौली पुलिस के साथ सिरसली मार्ग पर मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है और दूसरे बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुए हैं।
ओला कार चालक विनीत पुत्र नरेश अलीगढ़ के कनोरा गांव का रहने वाला है। वह गाजियाबाद के भोपुरा में ओला कार चलाता है। सोमवार को दो युवकों ने उसकी ओला कार को बिनौली के लिए बुक किया। कार चालक उन्हें लेकर बिनौली के माखर मार्ग पर पहुंचा तो दोनों युवकों ने चालक के साथ मारपीट कर उसे गाड़ी से नीचे फेंक दिया और उसकी कार लूटकर फरार हो गए। चालक ने घटना की सूचना बड़ौत कोतवाली जाकर पुलिस को दी। घटना स्थल बिनौली क्षेत्र का होने पर बड़ौत पुलिस ने बिनौली पुलिस को घटना जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: UP: थप्पड़ कांड पर जयंत ने पूछा बड़ा सवाल, निशाने पर भाजपा नेता, बच्चों को लेकर कही ये भावुक बात
सूचना पर बड़ौत, दोघट व बिनौली पुलिस ने क्षेत्र नाकाबंदी कर कार में लगे जीपीएस के माध्यम से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। जब पुलिस जौहड़ी गांव में चेकिंग करने लगी तो उसी दौरान बड़ौत की ओर आ रही एक कार को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय सिरसली गेट से घुसकर सिरसली गांव की ओर गाड़ी दौड़ा दी।
वहीं, पुलिस ने कार का पीछा किया और जंगल में गाड़ी को घेर लिया। अपने आप को घिरा देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की इस दौरान चली मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश रोबिन उर्फ सीटू पुत्र ओमपाल सिंह निवासी जिवाना गुलियान घायल हुआ है और दूसरे बदमाश मनोज उर्फ मोनू पुत्र विक्रम निवासी जिवाना गुलियान को पुलिस ने तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल यशविंदर सिंह भी घायल हुआ है। घायल बदमाश व सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल बागपत में भर्ती कराया है।
सूचना पर सीओ बड़ौत सविरत्न, सीओ बागपत युवराज सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर थप्पड़ कांड: एक और वीडियो वायरल, रोते हुए बोले पीड़ित छात्र के दादा- सही कार्रवाई नहीं हुई तो...