UP: कारगिल में जंग लड़ने वाले पूर्व सैनिक की मौत, घर पहुंची थी बैंक के कर्ज की आरसी, ये है पूरा मामला
Baghpat News : कारगिल में जंग लड़ने वाले पूर्व सैनिक की मौत हो गई। बताया गया कि घर पर बैंक के कर्ज की आरसी पहुंची थी।
विस्तार
बैंक के कर्ज की आरसी कारगिल में जंग लड़ने वाले पूर्व सैनिक के घर पहुंची तो वह तनाव में चले गए और उनकी हृदयाघात से मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। नायब तहसीलदार और पुलिस के गांव में पहुंचकर समझाने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
बागपत जनपद के बालैनी क्षेत्र में मतानतनगर गांव के पूर्व सैनिक राजवीर (65) खेती भी करते थे और उन्होंने अपनी खेती की जमीन पर भूमि विकास बैंक से 10 साल पहले चार लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण जमा नहीं होने के कारण बैंक ने उनकी आरसी जारी कर दी। जिसमें 14 लाख 16 हजार रुपये की वसूली दिखाते हुए जमा नहीं करने पर 18 अप्रैल को जमीन की नीलामी की चेतावनी दी गई थी।
आरसी मिलने के बाद पूर्व सैनिक मानसिक तनाव में चले गए और उनकी शनिवार को हृदयाघात से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बैंक पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। जिसको लेकर मृतक के परिजनों ने हंगामा किया।
यह भी पढ़ें: Meerut: बयान दर्ज कराने मेरठ पहुंचीं अभिनेत्री अर्चना गौतम, प्रियंका गांधी के पीए पर दर्ज कराया था मुकदमा
सूचना मिलने पर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु मलिक भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसान का उत्पीड़न होने पर नाराजगी जताई। वहां शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। नायब तहसीलदार विवेक मिश्रा ने पहुंचकर मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
मुआवजा नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन
बैंक ने किसान की जमीन नीलाम कर कर्ज की भरपाई के लिए आरसी जारी कर दी। जिससे परेशान किसान की हृदयाघात से मौत हो गई। मृतक किसान के परिवार को मुआवजा नहीं मिला तो किसान मजदूर संगठन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। - अनु मलिक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किसान मजदूर संगठन
यह भी पढ़ें: Nikay Chunav: सपा-रालोद और आसपा में सीटों का बंटवारा, कई मुस्लिम चेहरों पर खेला दांव, यहां देखिए पूरी लिस्ट
किसान राजवीर ने दस साल पहले ऋण लेकर 2020 तक 52 हजार रुपये जमा किए, जबकि वर्ष 2022 में किस्तों में एक लाख रुपये जमा किए। ऋण जमा नहीं होने के कारण राजवीर की आरसी तहसील भेजी गई। अब तहसील की तरफ से कार्रवाई हो रही है। - विशाल तोमर, प्रबंधक भूमि विकास बैंक